माँ भद्रकाली को 251 मीटर चुनरी....





News@ हरीश राठोड 

पेटलावद।    बैंड पर गुंजायमान होते मातारानी के गीत, ढोल नगाड़ों के बीच थिरकते भक्तजन, जय माताजी, जय माताजी के नारे लगाती महिलाएं और बालिकाए, यह संपूर्ण नजारा देखने को मिला नगर में निकली विशाल चुनरी यात्रा में। चुनरी यात्रा ने आस्था के अनंत आकाश में श्रद्धा का रस घोल दिया और पूरा नगर धर्ममय हो गया।


पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी बोल बम कावड़ यात्रा संघ पेटलावद ने आठवी चुनरी यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा नीलकठेश्वर महादेव मंदिर पेटलावद से शुरू हुई, जो प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। इस पूरी चुनरी यात्रा में विशेष बात यह रही कि बुजुर्ग महिलाएं एवं बालिकाएं बड़ी संख्या में पहुंची और आस्था के साथ माताजी की चुनरी को सिर पर उठाकर बिना थके एकसाथ चलती रही। चुनरी यात्रा में बालिकाएं जय माताजी के नारों को गुंजायमान भी कर रही थी। इस दौरान नगर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

यात्रा संयोजक पंडित नरेंद्र नंदन दवे ने बताया चुनरी यात्रा 5 किमी दूर स्थित रायपुरिया मार्ग मां भद्रकाली माताजी मंदिर पर पहुंची जहां विधिवत पूजा अर्चना के बाद माताजी को 251 मीटर चुनरी चढ़ाई गई। चुनरी ओढ़ाने के बाद महाआरती हुई। इसके बाद विशेष प्रसादी का श्रद्धालुओं को वितरण किया गया।

चुनरी यात्रा नगर में जहां-जहां से निकली वातावरण पूरी तरह से धर्ममय हो गया। चुनरी को उठाने के लिए श्रद्धालुओ में होड़ सी लगी रही। चुनरी यात्रा का नगर के प्रमुख मार्गो पर विभिन्न समाजो व सामाजिक संगठनों की ओर से स्वागत सत्कार भी किया गया। इस सफल आयोजन के लिए यात्रा संयोजक पंडित नरेन्द्र नंदन दवे, पंकज दवे आदि ने नगर की धर्मप्रेमी जनता का आभार व्यक्त किया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.